खाली पड़ी कॉलोनी में सड़क निर्माण पर भड़का विरोध, महिलाओं ने किया हंगामा

गंगोह। गंगोह बाईपास मार्ग स्थित नवनिर्मित शिव विहार कॉलोनी में नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिस कॉलोनी में अभी तक एक भी मकान का निर्माण नहीं हुआ है, वहां नगर पालिका द्वारा सरकारी धन खर्च कर सड़क बनाई जा रही है, जबकि आसपास की कई आबाद कॉलोनियों की सड़कें वर्षों से कच्ची पड़ी हैं। शनिवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी मिलते ही मोहल्ले की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिव विहार कॉलोनी का विकास कार्य कॉलोनाइजर द्वारा कराया जाना चाहिए था, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते नगर पालिका बोर्ड से सड़क निर्माण का प्रस्ताव पास कराकर सरकारी धन का उपयोग किया जा रहा है। विरोध कर रहे भाजपा नेता अर्जुन सैनी, मुकेश राणा तथा स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि आसपास की कई कॉलोनियों में वर्षों से सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/in-which-direction-are-raghav-chadhas-political-steps-moving-he-seems-interested-in-forming-his-own-party/इसके लिए नगर पालिका को कई बार लिखित शिकायतें और मांग पत्र भी दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं शिव विहार कॉलोनी में एक भी परिवार के निवास न करने के बावजूद सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर पालिका अक्सर कई क्षेत्रों को अपनी सीमा से बाहर बताकर विकास कार्य कराने से इंकार कर देती है। इसके बावजूद इस नई कॉलोनी में सड़क निर्माण कराए जाने से पक्षपात के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में कुछ अन्य कॉलोनियों में सड़क निर्माण विधायक चैधरी कीरत सिंह के प्रयासों से कराया गया था, ऐसे में अब इस कॉलोनी को विशेष प्राथमिकता दिए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिलाओं ने मांग की कि नगर पालिका पहले उन क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जहां बड़ी संख्या में लोग निवास कर रहे हैं और वर्षों से बुनियादी सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराए जाने की भी मांग उठाई। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और उपजिलाधिकारी नकुड़ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारी समाधान दिवस में व्यस्त होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका। फिलहाल सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर पारदर्शी निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में भाजपा नेताओं सहित मोहल्ले की दर्जनों महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *