मंगल पांडेय बलिदान दिवस व बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय पुण्यतिथि पर निकली प्रेरणा यात्रा

बहराइच ( विशेश्वरगंज )। बुधवार को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत अमर बलिदानी मंगल पांडेय के बलिदान दिवस तथा महान साहित्यकार एवं ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गांधी चबूतरा, गंगवल पर नमन सभा आयोजित की गई। इसके उपरांत सेनानी ग्राम दिगितपुरवा से होते हुए शेखापुर तक प्रेरणा यात्रा निकाली गई।कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस नेता विनय सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि मंगल पांडेय का साहस, उनका विद्रोह और मातृभूमि के लिए उनका बलिदान भारतीय इतिहास में स्वाभिमान और आजादी की ज्वाला के रूप में सदैव प्रेरणा देता रहेगा। वहीं बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की लेखनी ने न केवल साहित्य को समृद्ध किया, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी प्रज्वलित किया, जिसने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनका अमर गीत ‘वंदे मातरम्’ आज भी हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की धड़कन के रूप में गूंजता है। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल मोहसिना किदवई के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।ब्लॉक अध्यक्ष शफीक अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि मोहसिना किदवई के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस अवसर पर गंगवल न्याय पंचायत के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार सिंह, नगर पंचायत पयागपुर के अध्यक्ष डॉ. नसीम इदरीसी, कलीम खान, साहबराम गोस्वामी, अंगद पासवान, दीप नारायण मौर्य, लालजी गिरि, ननके गौतम, झाली सिंह, गौतम मिश्रा, मुकीम खान सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *