गाज़ीपुर: जनपद में 1 अप्रैल से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें अब तक की तैयारियों और कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन शहरी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा, जहां पिछले अभियानों में मॉनिटरिंग नहीं हो सकी थी। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र में जांच अधिकारियों की नियुक्ति कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय को मजबूत करते हुए सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि वार रूम में प्रत्येक ब्लॉक के लिए एक-एक अधिकारी नामित किया जाए, जो दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करे। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में नोडल अधिकारी नामित कर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।स्वास्थ्य विभाग के जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक को प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर समन्वय स्थापित कर सामुदायिक गतिविधियों की मॉनिटरिंग और दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईसीडीएस विभाग को भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों, विशेषकर उच्च जोखिम वाले इलाकों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और जल जमाव रोकने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एन. सिंह ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की, जबकि जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के सुपोषण हेतु कार्यक्रमों को भी अभियान से जोड़ने पर बल दिया गया।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, कृषि, शिक्षा विभागों के अधिकारी तथा जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।