प्रधान हेमलता पटेल दिल्ली में होंगी सम्मानित, राष्ट्रीय सम्मेलन में दिखाई जाएगी सफलता की कहानी

 राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रण, सुजानपुर विकास मॉडल बनेगा उदाहरण

फतेहपुर। विकास खंड बहुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर की प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाने जा रही हैं। उन्हें भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा 11 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन’ में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस प्रतिष्ठित मंच पर उनकी सफलता की कहानी देश भर से आए प्रतिनिधियों के सामने प्रदर्शित की जाएगी। हेमलता पटेल का चयन उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। इससे पहले भी उन्हें अपने सराहनीय कार्यों के लिए प्रदेश की राजधानी लखनऊ तथा देश की राजधानी नई दिल्ली में कई बड़े मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। बताया जाता है कि उनकी प्रशासनिक सूझबूझ और ग्रामीण विकास के प्रति सक्रियता के कारण ही उन्हें विभाग की ‘ड्रीम टीम’ में भी स्थान दिया गया है, जो उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली का प्रमाण है।read more:https://pahaltoday.com/emphasis-on-adopting-modern-technology-in-farming-progressive-farmers-honored/ सम्मेलन के दौरान ग्राम पंचायत सुजानपुर के विकास मॉडल, महिला हितैषी कार्यक्रमों और हेमलता पटेल के संघर्ष व सफलता की कहानी को बड़ी स्क्रीन पर विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यह पूरे जनपद और प्रदेश के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। भारत सरकार के “सशक्त पंचायत नेत्री अभियान” के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में हेमलता पटेल के साथ तेलियानी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मिश्रामऊ की प्रधान बीनू देवी भी प्रतिभाग करेंगी, जिससे वे पंचायत स्तर पर हो रहे विकासात्मक नवाचारों और योजनाओं के क्रियान्वयन का अनुभव प्राप्त कर सकेंगी। हेमलता पटेल का लगातार राष्ट्रीय स्तर पर चयन यह दर्शाता है कि फतेहपुर की ग्रामीण राजनीति और पंचायत व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उनके द्वारा सुजानपुर को महिला हितैषी ग्राम पंचायत बनाने के प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर प्रधान हेमलता पटेल ने कहा, “आज हमें बेहद खुशी और गर्व है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने हमें दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में आमंत्रित किया है। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरी पूरी सुजानपुर पंचायत, क्षेत्र और जनपद फतेहपुर के लिए गर्व की बात है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *