बाराबंकी। थाना असन्द्रा क्षेत्र में जमीन विवाद के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे थाने ले जाकर मारपीट की, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने जांच के निर्देश दिए हैं।जानकारी के अनुसार ग्राम मिर्चिया में हरिशंकर और टिंका पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद न्यायालय में लंबित है। 30 मार्च को पुलिस को अवैध निर्माण की सूचना मिली, जिस पर उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से जुड़े कुछ लोगों को थाने ले आए।पीड़ित मनीष का आरोप है कि थाने में उसके साथ बेल्ट से पिटाई की गई और धमकियां दी गईं। बाद में पुलिस ने उसे और अन्य लोगों को शांति भंग की आशंका में 151 के तहत चालान कर दिया।वहीं, संबंधित उपनिरीक्षक का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई और किसी के साथ मारपीट नहीं की गई। उन्होंने बताया कि संबंधित पक्षों के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है और उसी की जांच चल रही है।पीड़ित पक्ष ने 2 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दी है, जिस पर जांच के आदेश जारी किए गए हैं। अब पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।