पीएम मोदी मेरे महान मित्र, भारत कर सकता है पूरा भरोसा: ट्रंप

नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक बेहद खास और अनूठी झलक देखने को मिली। अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में उस समय सब हैरान रह गए, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वहां मौजूद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मोबाइल पर सीधे फोन मिलाया। राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप की बातें वहां उपस्थित सभी लोगों को सुनाने के लिए अपने फोन को मुख्य माइक्रोफोन के पास रख दिया। लाइव फोन कॉल पर बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने खुले मंच से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी आत्मीयता प्रकट की। ट्रंप ने कहा, मैं कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नमस्कार कहना चाहता हूँ। मुझे भारत के प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। नरेंद्र मोदी एक महान नेता हैं और वह मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ। उन्होंने आगे वैश्विक मंच पर दोनों देशों की बढ़ती नजदीकियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज से पहले भारत और अमेरिका कभी एक-दूसरे के इतने करीब नहीं रहे हैं। भारत के लोग मुझ पर और हमारे देश अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकते हैं। यदि भारत को कभी भी किसी मदद की जरूरत पड़े, तो वे अच्छी तरह जानते हैं कि उन्हें कहां फोन करना है, वे सीधे यहीं फोन करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर सहित कई दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं। ट्रंप ने अपने संबोधन में मार्को रूबियो की जमकर तारीफ की और उन्हें अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री बताया।read more:https://pahaltoday.com/cm-vijay-created-a-record-by-including-8-dalit-mlas-in-the-cabinet/साथ ही, उन्होंने फोन रखने से पहले राजदूत से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मेरा विशेष नमस्कार कहना और उन्हें याद दिलाना कि मैं उनका कितना बड़ा प्रशंसक हूँ। इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का भी दावा किया। कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी भारत को अमेरिका का एक बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक साझेदार बताया। वहीं, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कानून के शासन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे जिन आधुनिक विचारों को जन्म दिया, उनकी भारत जैसे बहुलतावादी और लोकतांत्रिक समाज में स्वाभाविक गूंज देखने को मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा समय में पूरी दुनिया एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है और यह समय भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई और मजबूती देने का सबसे बेहतरीन अवसर है। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान की शानदार संगीत प्रस्तुति रही, जिन्होंने मां तुझे सलाम और दिल से जैसे देशभक्ति और लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो का जन्मदिन भी मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *