नहटौर। नगर स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की पूर्व छात्रा एवं हल्दौर क्षेत्र के गांव नांगल जट निवासी चंद्रवाहिनी चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 662वीं रैंक प्राप्त कर परिवार, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर प्राप्त हुआ है। चंद्रवाहिनी की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग उन्हें बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य इदरीस अहमद ने बताया कि चंद्रवाहिनी चौधरी हल्दौर क्षेत्र के गांव नांगल जट निवासी चौधरी अरुण कुमार चौधरी और पूनम चौधरी की पुत्री हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा के साथ ही अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय देना शुरू कर दिया था। वर्ष 2017 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। साथ ही उन्होंने जनपद स्तर पर भी चौथा स्थान हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया था। बताया जाता है कि चंद्रवाहिनी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं।read more:https://pahaltoday.com/central-warehousing-corporation-celebrated-its-70th-foundation-day/
उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ तैयारी की। कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन के बल पर उन्होंने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।चंद्रवाहिनी की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। वहीं विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों ने कहा कि चंद्रवाहिनी की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने चंद्रवाहिनी चौधरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों ने भी इसे जनपद बिजनौर और नहटौर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि चंद्रवाहिनी की सफलता से क्षेत्र की बेटियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।