अंडर-16 क्रिकेट ट्रायल में 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

गाजियाबाद। गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंडर-16 क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल का आयोजन राज नगर एक्सटेंशन स्थित अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर किया गया। इस ट्रायल में गाजियाबाद और बागपत सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।ट्रायल प्रक्रिया एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा, सचिव मनोज माकड़ और संरक्षक मतलूब मोहम्मद की मौजूदगी में संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया की निगरानी अनुभवी खिलाड़ियों और चयनकर्ताओं ने की, जिनमें रणजी खिलाड़ी नलिन मिश्रा के साथ पूर्व टेस्ट खिलाड़ी अजय शर्मा, पूर्व रणजी खिलाड़ी हर्ष माथुर और मनीष गिरी शामिल रहे। ट्रायल में गाजियाबाद से कुल 383 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 167 बल्लेबाज, 122 तेज गेंदबाज, 72 स्पिन गेंदबाज और 22 विकेटकीपर शामिल रहे। वहीं बागपत से 45 खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया, जिनमें 23 बल्लेबाज, 18 गेंदबाज और 4 विकेटकीपर शामिल रहे। खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस, फिटनेस टेस्ट और मैच सिचुएशन के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और खेल के प्रति उनके दृष्टिकोण का बारीकी से मूल्यांकन किया। ट्रायल के दौरान कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए, जिन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इन ट्रायल्स का उद्देश्य उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है। इस दौरान एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिनमें फूलचंद शर्मा, सुधीर तोमर, देवेंद्र चौधरी, विवेक मलिक, कुश शर्मा, मनोज गौड़ और जितेंद्र सिंह शामिल रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।ट्रायल के सफल आयोजन के बाद अब चयनित खिलाड़ियों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है, जिससे योग्य खिलाड़ियों को ही टीम में स्थान मिल सके। यह आयोजन क्षेत्र में क्रिकेट के विकास और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *