गाजीपुर : जनपद गाजीपुर के विकास खण्ड मनिहारी के अंतर्गत रंजीतपुर पेयजल योजना में शनिवार को जल अर्पण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान जल पदयात्रा व प्रभात फेरी, जल बंधन, जल वंदना, जल संकल्प, जल श्रृंगार, मेरी पंचायत ऐप/सुझलाम ऐप की जानकारी, हर घर जल घोषणा, स्वच्छता अभियान, जागरूकता बैठक तथा “मेरा गांव–जल सुरक्षित भविष्य” विषय पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।ग्राम प्रधान ने बताया कि योजना के अंतर्गत 512 घरों में हाउस कनेक्शन दिए गए हैं और सोलर सिस्टम के माध्यम से ऑटोमेटेड पद्धति द्वारा नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने भी बताया कि रंजीतपुर पेयजल योजना से लगातार जलापूर्ति हो रही है, जिससे गांव में खुशी का माहौल है।उपजिलाधिकारी जखनियां ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दैनिक जीवन में स्वच्छ पेयजल के उपयोग से स्वास्थ्य में सुधार होगा और जीवन स्तर बेहतर बनेगा।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी, जल निगम के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत, ग्रामवासी, विद्यालय के छात्र, टीपीआई तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ ही एफटीके प्रशिक्षण प्राप्त 13 तकनीकी सदस्य उपस्थित रहे।