बाराबंकी। नगर पंचायत बंकी द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए चाय की दुकानों से निकलने वाली प्रयुक्त चायपत्ती एवं अण्डों के छिलकों को एकत्रित कर एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर पर प्रसंस्करण के माध्यम से जैविक खाद तैयार की जा रही है। यह पहल कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ-साथ उसे उपयोगी संसाधन में परिवर्तित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत बंकी ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह से भेंट कर उन्हें इस पहल की जानकारी दी तथा नगर पंचायत द्वारा तैयार जैविक खाद का पैकेट भेंट किया। जिलाधिकारी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ष्वेस्ट टू वेल्थष् की अवधारणा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कचरे से उपयोगी उत्पाद तैयार कर न केवल स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, बल्कि स्थानीय निकायों के लिए आय सृजन के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/road-development-in-farrukhabad-gains-momentum-comprehensive-review-of-action-plan-for-2026-27/ नगर पंचायत द्वारा तैयार की जा रही यह जैविक खाद पौधों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। एमआरएफ सेंटर परिसर एवं नगर पंचायत की नर्सरी में इसके प्रयोग से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। नगर पंचायत द्वारा अब तक लगभग 1500 रुपये मूल्य की खाद का विक्रय किया जा चुका है तथा कई लोगों द्वारा इसकी अग्रिम मांग भी की गई है। इच्छुक नागरिक अपने घरों, बगीचों एवं पौधों के उपयोग हेतु नगर पंचायत बंकी कार्यालय से संपर्क कर खाद प्राप्त कर सकते हैं। नगर पंचायत ईओ मोहिनी केसरवानी ने क्षेत्र के दुकानदारों एवं नगरवासियों से अपील की है कि हरे कचरे को इधर-उधर न फेंकें तथा उसके पृथक्करण एवं उचित निस्तारण में सहयोग करें। जनसहभागिता से कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाते हुए स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।