ऑनलाइन गेम के कर्ज ने बनाया अपराधी. किसानों की किराये की ट्रैक्टर ट्रॉलियां बेचकर ठगे लाखों रुपये.

आजमगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन गेम के कर्ज में डूबे युवकों द्वारा किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियां हड़पकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बेची गई तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी बरामद कर ली हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना महराजगंज पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, यह मामला केवल धोखाधड़ी का नहीं बल्कि सुनियोजित आपराधिक साजिश का है, जिसमें विश्वास जीतकर किसानों की संपत्ति हड़प ली गई।पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को ग्राम नौबरार देवारा जदीद निवासी किसान गुलाब यादव, उषा देवी, जौहर यादव और प्रवेश चौहान ने थाना महराजगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही सुनील यादव ने उनकी ट्रैक्टर ट्रॉलियां किराये पर लेने की बात कही। उसने प्रति ट्रॉली 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देने का भरोसा दिलाकर ट्रॉलियां अपने कब्जे में ले लीं।शुरुआत में किसानों को भरोसा था कि उनकी ट्रॉलियां कृषि कार्य में उपयोग की जाएंगी, लेकिन कुछ दिनों बाद जब उन्होंने अपनी ट्रॉलियां वापस मांगीं तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में पता चला कि सुनील यादव ने अपने साथियों उपेन्द्र यादव, अंकुल यादव और गोलू उर्फ संगम मौर्य के साथ मिलकर ट्रॉलियों को बेच दिया है। विरोध करने पर किसानों को गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना महराजगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोवर्धन ढाला के पास घेराबंदी कर सुबह लगभग 4:05 बजे मुख्य आरोपी सुनील यादव पुत्र सुभाष यादव तथा उपेन्द्र यादव पुत्र रामजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से AVITOR नामक ऑनलाइन गेम खेल रहे थे। गेम में लगातार पैसे हारने के कारण उन पर भारी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने किसानों का विश्वास जीतकर उनकी ट्रैक्टर ट्रॉलियां किराये पर लीं और बाद में उन्हें बेचकर रकम आपस में बांट ली।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बेची गई तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां ग्राम नैनीजोर, थाना रौनापार तथा ग्राम प्रतापपुर, थाना महराजगंज से बरामद कर लीं। पुलिस अब ट्रॉलियां खरीदने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि उन्हें इन वाहनों की वास्तविक स्थिति की जानकारी थी या नहीं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पहले से चार अलग अलग आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों अंकुल यादव और गोलू उर्फ संगम मौर्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *