सादात में एनआरएलएम कार्यशाला: सीडीओ बोले—हर पात्र महिला को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ,

गाजीपुर सादात । ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को सादात ब्लॉक सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आलोक प्रसाद ने की।read more:https://pahaltoday.com/the-ceasefire-will-have-global-implications-for-energy-the-economy-and-diplomacy-which-will-be-a-relief-for-the-general-public/सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी प्रत्येक पात्र महिला का आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं सहित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाए। कार्यशाला में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनते जा रहे हैं। समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने मिशन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान सीडीओ ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। आंगनबाड़ी विभाग की ओर से चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा चार नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की नियमित निगरानी एवं पोषण स्तर के आकलन के लिए वेटिंग मशीन भी वितरित की गई। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी डॉ. सरजीत सिंह, सीडीपीओ सोनम सिंह, बीईओ हेमवंत कुमार, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. अनिल राय, प्रमेश यादव, डॉ. पंकज सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *