गाजीपुर जखनिया। विकासखंड जखनिया के गजाधरपुर गांव और सिसवार वनवासी बस्ती में बिजली व्यवस्था बदहाल हो गई है। क्षेत्र में करीब 14 बिजली के खंभे गिर जाने के कारण कई दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न रहने से ग्रामीणों का जीवन संकटपूर्ण हो गया है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में भारी नाराजगी है।read more:https://pahaltoday.com/the-essence-of-prasad-is-to-receive-the-blessings-of-the-deity-to-whom-it-is-offered/ग्रामीणों के अनुसार तेज हवाओं और अन्य कारणों से कई बिजली के खंभे धराशायी हो गए हैं। खंभों के गिरने से बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित है। घटना के कई दिन बाद भी विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के चलते बुजुर्गों, महिलाओं तथा छोटे बच्चों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों का कहना है कि खेतों और रास्तों के किनारे गिरे हुए खंभे तथा तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए गिरे हुए खंभों को बदलने, क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कराने और शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उनका जीवन प्रभावित हो रहा है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे।