मिर्जापुर। राष्ट्रीय लोक अदालत प्रचार के लिए जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया। जनपद दीवानी न्यायालय परिसर से न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाई। प्रचार वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आगामी 14 मार्च 2026 को होने वाले लोक अदालत के प्रति जागरूक करेंगे। इन प्रचार वाहनों का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निस्तारण कराने के लिए प्रेरित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक भी इन वाहनों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोक अदालत की जानकारी आम जनता तक पहुंचा रहे हैं। इस अवसर पर कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद न्यायाधीश ने नागरिकों से अपील किया है कि 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने लंबित मामलों को चिन्हित कर स्वयं या अपने अधिवक्ता के साथ उपस्थित होकर उनका शीघ्र और आपसी सहमति से निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाता है।जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिक से अधिक लोग लाभ उठाएं और अपने मामलों का निपटारा कर सकें।