गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत जनपद गाजीपुर में सोमवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि महिला सुरक्षा से जुड़े किसी भी अपराध, छेड़खानी, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं का उपयोग करें। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई।अभियान के दूसरे चरण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध एवं शोहदा प्रवृत्ति के व्यक्तियों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए सख्त चेतावनी भी दी गई।गाजीपुर पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति फेज-5.0 का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा समाज में महिला सम्मान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी है। जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक महिला स्वयं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में महसूस कर सके।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े किसी भी मामले की जानकारी बिना संकोच पुलिस को दें। आपकी एक सूचना किसी बड़ी घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जनसहयोग से ही मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जा सकता है।