बड़हलगंज क्षेत्र के मधुपुर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा संभ्रांत नागरिकों ने भाग लेकर अस्थायी पुलिस चौकी के निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की।इस दौरान थानाध्यक्ष सुनिल राय ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों, बाजार की चहल-पहल और आवागमन को देखते हुए मधुपुर में अस्थायी पुलिस चौकी का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि चौकी बनने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और आसपास के गांवों तथा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या घटना पर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी।बैठक में उपस्थित लोगों को बताया गया कि चौकी निर्माण के लिए जनसहयोग की आवश्यकता है। इस पर सभी जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत व्यक्तियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी का निर्माण समय की मांग है और इसके लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।बैठक में चौकी निर्माण के लिए आवश्यक स्थान, संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। कई लोगों ने जनसहयोग के माध्यम से निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का सुझाव दिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र ही इसका लाभ मिल सके।अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर मधुपुर में अस्थायी पुलिस चौकी निर्माण के कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराने और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में मौजूद लोगों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वे प्रशासन के साथ मिलकर पूरा सहयोग करेंगे।
मधुपुर में अस्थायी पुलिस चौकी निर्माण पर बैठक, जनसहयोग से निर्माण पर बनी सहमति
राजीव जायसवाल