गोरखपुर के बड़हलगंज में एक सड़क हादसे में पचास वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार सुबह पावरहाउस के सामने उसका शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान कालीचौरा निवासी श्याम गुप्ता (पुत्र स्व. गनेश गुप्ता) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव देखकर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी थी।पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए थे।परिजनों ने बताया कि श्याम गुप्ता कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर घर से बाहर ही रहते थे। इसी दौरान संभवतः वह किसी वाहन की चपेट में आ गए होंगे।थानाध्यक्ष सुनील राय ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।इस दौरान घटना स्थल पर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि श्रवण जायसवाल, संदीप सिंह, दिनेश मदधेशिया, सरफराज, लक्ष्मण वर्मा, सहित ओम प्रकाश गुप्ता अभिषेक सहित अन्य परिजन भी मौजूद रहे।