खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2 खदानें सील, 7 हाइवा जब्त

रायपुर। रायपुर-आरंग विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंदिर हसौद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील कर दिया, वहीं अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। जांच के दौरान खदान संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, जिसके चलते तत्काल प्रभाव से खदानों को सील कर दिया गया। जिन खदानों पर कार्रवाई हुई, उनमें सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल) और जय कुमार बजाज, मंदिर हसौद की खदानें शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनिज परिवहन पर भी शिकंजा कसा।जांच में जब्त किए गए 7 हाइवा वाहनों में एक वाहन रेत से भरा हुआ था, जबकि 6 वाहन गिट्टी (स्टोन) से लदे पाए गए। सभी वाहन बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन करते मिले, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था। खनिज विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि रजत बंसल (खनिज विभाग के संचालक) के निर्देशानुसार अब राज्यभर में खदान संचालन को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी बनाया गया है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *