लखनऊ। शिक्षक दिवस के अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज में एलएलबी के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उनके मार्गदर्शन को अपने जीवन की महत्वपूर्ण प्रेरणा बताया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर आनंद प्रकाश तिवारी, राजेंद्र कुमार चौरसिया, रविंद्र कुमार, गणेश यादव एवं सत्येंद्र कुमार को एलएलबी के विद्यार्थियों ने सम्मानित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाने और बेहतर नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।