सहारनपुर। मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर शनिवार को सांसद चैधरी इकरा हसन पीड़ित परिवार को साथ लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से नई दिल्ली में मिलीं। लगभग सवा घंटे तक चली बैठक में अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार की पूरी बात गंभीरता से सुनी और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि भविष्य में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई में उनका पूरा साथ देगी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मेरठ की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षाकृत कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि आंदोलन कर रहे लोगों पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/सांसद चैधरी इकरा हसन ने कहा कि घटना के बाद से वह लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में थीं और पूरे मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को देती रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को अखिलेश यादव से मिलवाने के बाद उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। इकरा हसन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी हमेशा मुखर रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी, बहन या महिला की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा तथा अन्याय के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। मुलाकात के बाद पीड़ित परिवार ने भी उम्मीद जताई कि उनकी आवाज अब और मजबूती से उठेगी तथा उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।