गाजियाबाद। मोहन नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में देर रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के उद्यमियों में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार, आनंद इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित फैक्ट्री संख्या 1719 में चोरों ने घुसकर पीतल और तांबे से जुड़े कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में शॉर्ट पट्टी, न्यूट्रल लिंक, स्पॉट वेल्डिंग मशीन की रॉड, प्लग-सॉकेट सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।आनंद इंडस्ट्रियल एस्टेट के अध्यक्ष किरनपाल पांचाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के उद्योग संचालकों में भी चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पीड़ित पक्ष ने थाना साहिबाबाद में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के अन्य फैक्ट्री संचालकों ने भी सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ा दी है।