कोटा पुनर्वास विद्यालय का धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

बीना, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के कंपोजिट विद्यालय कोटा पुनर्वास में सोमवार को वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान निपुण भारत मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया तथा उन्हें प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुशीला देवी एवं शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सहयोग की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *