चन्दौली। राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कटरिया के छात्राओं की खो-खो टीम रविवार को रवाना हुई। प्रतियोगिता 9 मार्च से 11 मार्च तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अयोध्या में आयोजित होगी। जिसमें वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व प्राथमिक विद्यालय कटरिया, नियामताबाद की छात्राएं करेंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने प्रतिभागी बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभाशीष दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। वही खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार यादव ने टीम को खो-खो किट प्रदान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही प्रतियोगिता में विजय प्राप्त करने की कामना की। उन्होंने कहा कि जनपद की छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिला है। टीम को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. सत्य प्रकाश यादव और सुषमा यादव को भी अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बधाई दी। इस मौके पर बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन चंदौली के जिलाध्यक्ष संजय यादव, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला मंत्री सुनील कुमार सिंह, प्रधानाध्यापिका अलका पांडेय, जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दुबे, देव कुमार आनंद, कमलाकांत, विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।