कायमगंज क्षेत्र की गौशालाओं में गोवंशों की लगातार हो रही मौतों और अव्यवस्थाओं को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि भीषण गर्मी के दौरान गौशालाओं में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इसके चलते बड़ी संख्या में गोवंशों की मौतें हो रही हैं। संगठन का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों द्वारा समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। क्षत्रिय करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर विनय प्रताप सिंह ने कहा कि गोवंशों की सुरक्षा और संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही के कारण गौशालाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौशालाओं की वास्तविक स्थिति उजागर करने वाले लोगों पर दबाव बनाने और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास भी किया गया, जिससे आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। read more:https://pahaltoday.com/demand-for-financial-assistance-to-the-family-of-the-employment-servant/संगठन ने मांग की कि गौशालाओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, लापरवाही के दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, पानी और चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। करणी सेना ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो गोसंरक्षण और जनहित के मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।