हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात जनपद के मेडिकल कॉलेज के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। मेडिकल कॉलेज में स्पाइन की पहली सफल सर्जरी कर डॉक्टरों ने निराश हो चुके युवक के जीवन में एक बार फिर उम्मीद की किरणें बिखेर दी।मालूम हो कि 24 वर्षीय हर्ष छत से गिर गया था, जिससे उसकी कमर की हड्डी टूट गई थी। वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गया था। गरीब परिवार के हर्ष के सामने अंधेरा छा गया था। परिजन उसे उपचार के लिए बड़ी उम्मीद के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज कानपुर देहात लेकर आए।यहां पहले परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के प्रसिद्ध ऑर्थो सर्जन *डॉ आरके गौतम* को ओपीडी में दिखाया। डॉ गौतम ने हर्ष की गंभीरता को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के कुशल न्यूरो सर्जन *डॉ श्याम गोपाल वर्मा (डॉ एसजी वर्मा)* के पास रेफर किया।
*और यहीं से मानवता की मिसाल शुरू हुई।*
दोनों ही चिकित्सकों की निगाहें गरीब हर्ष पर पड़ीं और दोनों ने मानवता का परिचय देते हुए हर्ष का निःशुल्क उपचार करने का निर्णय लिया। मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जन *डॉ श्याम गोपाल वर्मा एवं उनकी पूरी टीम* तथा ऑर्थो सर्जन *डॉ आरके गौतम, एवं हड्डी विभाग के एसआर डॉ शाहिद एवं उनकी टीम* ने संयुक्त रूप से मंगलवार को मेडिकल कॉलेज की ओटी में हर्ष के स्पाइन की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
यह जनपद कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज में स्पाइन की *पहली सफल सर्जरी* है।
*परिजनों ने कहा – भगवान हैं दोनों डॉक्टर*
हर्ष की सफल सर्जरी के बाद उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने दोनों चिकित्सकों के मानवीयता भरे व्यवहार की दिल खोलकर प्रशंसा की और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि हर्ष की सर्जरी पूरी तरीके से निशुल्क की गई है। हर्ष के मायूस चेहरे पर एक बार फिर मुस्कान की लहर दौड़ आई है।इस सफलता पर मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जन डॉ एसजी वर्मा एवं ऑर्थो सर्जन डॉ आरके गौतम ने संयुक्त रूप से कहा कि *”अब मेडिकल कॉलेज कानपुर देहात में ही स्पाइन की सर्जरी की जाएगी, किसी भी मरीज को सर्जरी के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाएगा।”*
एक सवाल के जवाब में ऑर्थो सर्जन डॉ आरके गौतम ने बताया कि हर्ष की हालत पूरी तरीके से अच्छी है।
निश्चित रूप से डॉ श्याम गोपाल वर्मा और डॉ आरके गौतम एवं उनकी टीम ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे नेक हों तो सरकारी मेडिकल कॉलेज में भी बड़े से बड़े ऑपरेशन संभव हैं। दोनों चिकित्सकों के इस सराहनीय कार्य की पूरे जनपद में प्रशंसा हो रही है।