रांची : झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं (JPSC और JSSC) में हुई कथित गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन बुधवार को 19वें दिन भी बदस्तूर जारी रहा। इसी बीच, छात्रों के न्याय की लड़ाई लड़ रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अस्पताल के बिस्तर से ही सरकार के खिलाफ हुंकार भरी है।छले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे महतो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनका हौसला अभी भी पूरी तरह बुलंद है।
‘शरीर बिस्तर पर है, लेकिन न्याय मिलने तक नहीं रुकेगा संघर्ष’
अस्पताल में लगातार दूसरे दिन अपना इलाज करा रहे देवेंद्र नाथ महतो ने एक भावुक और कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि उनकी भूख हड़ताल 10वें दिन भी जारी है और जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई खत्म नहीं होगी। महतो ने कहा, “मेरा शरीर अस्पताल के बिस्तर पर है और हालत भी गंभीर बनी हुई है। शरीर कमजोर हो रहा है, दर्द बढ़ रहा है, डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं, लेकिन मेरे मन में सिर्फ एक ही संकल्प है। जब तक झारखंड के विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष नहीं रुकेगा।”
आर–पार के मूड में छात्र, CBI जांच की मांग पर अड़े
‘झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) –झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) रिफॉर्म मंच’ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्र अब पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। हेमंत सोरेन सरकार ने भर्ती प्रणाली में सुधार का आश्वासन दिया है, लेकिन छात्रों ने इसे नाकाफी बताते हुए अपना आंदोलन वापस लेने से साफ इनकार कर दिया है। प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांग है कि जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता लाई जाए, विवादित परीक्षाओं को तुरंत रद्द किया जाए और इन सभी मामलों की जांच सीबीआई या राज्य के बाहर के किसी सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जज की समिति से करवाई जाए।
लाठीचार्ज के विरोध में ‘काली पट्टी’ और भूख हड़ताल
छात्रों का गुस्सा तब और भड़क गया जब सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करने जा रहे विद्यार्थियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। छात्रों को तितर-तर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, पानी की बौछारें छोड़ीं और आंसू गैस के गोलों का भी इस्तेमाल किया था। इस पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में अब ‘झारखंड छात्र न्याय’ के बैनर तले विद्यार्थियों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल करने और काली पट्टी बांधकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया है।