फर्रुखाबाद कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के जौरा रोड बाईपास मार्ग पर स्थित मेहंदियावली मजार के पास रविवार को दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक हिंसक टकराव में बदल गया। देखते ही देखते लाठी-डंडों और सरियों से हमला शुरू हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उलियापुर निवासी बांकेलाल और राजकुमार का पुष्पेंद्र, करण समेत दूसरे पक्ष के लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद फिर भड़क उठा और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान बांकेलाल और राजकुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे पक्ष के भी कुछ लोग घायल हुए।सूचना मिलते ही मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बांकेलाल को लोहिया अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।जैसे ही मौत की खबर अस्पताल पहुंची, माहौल गम और गुस्से में बदल गया। परिजनों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले की शिकायतों को नजरअंदाज किया, जिसकी वजह से यह घटना हुई।read more:https://pahaltoday.com/lok-sabha-speaker-shri-om-birla-flagged-off-the-all-women-bike-rally-2026-organised-by-navbharat-times-at-connaught-place-new-delhi-on-the-occasion-of-international-womens-day/ घायल राजकुमार के मुताबिक, 9 अप्रैल को उनका भैंसा चोरी हो गया था। शिकायत लेकर जब वे मंडी पुलिस चौकी पहुंचे, तो आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उन्हें डांटकर भगा दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में जब वे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जौरा रोड स्थित एक तंबाकू गोदाम पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने हमला कर दिया।राजकुमार का आरोप है कि हमलावरों ने बांकेलाल को गोदाम के अंदर खींचकर बेरहमी से पीटा। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गोदाम मालिक ने बातचीत के बहाने उन्हें बुलाकर हमले की साजिश रची।घटना के बाद सीएचसी परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी और इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली के सामने धरना देकर सड़क जाम कर दी, जिसे पुलिस ने करीब 10 मिनट में खुलवाया। परिजन चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।मृतक बांकेलाल अपने पीछे दो पत्नियां, एक दिव्यांग पुत्र और बड़ा परिवार छोड़ गया है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। इस संबंध में सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा है। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हुई है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।