आईडब्ल्यूपीसी चुनाव : सुजाता राघवन अध्यक्ष और सरोज धूलिया फिर बनी महासचिव

नई दिल्ली। आईडब्ल्यूपीसी की वर्ष 2026-27 की प्रबंध समिति के चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार सुजाता राघवन को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। चुनावी प्रक्रिया में सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का चयन बिना किसी विरोध के सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। इस निर्विरोध चुनाव को संस्था के भीतर एकजुटता और पारदर्शिता का प्रतीक माना जा रहा है।आईडब्ल्यूपीसी द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नई टीम में अनुभवी और सक्रिय महिला पत्रकारों को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुजाता माथुर और सुषमा वर्मा को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सरोज धूलिया को महासचिव चुना गया है। इसके अलावा सुमन पवार को संयुक्त सचिव और पारुल शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।नई कार्यकारिणी समिति में कुल 21 सदस्यों को शामिल किया गया है, जिनमें देश के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़ी वरिष्ठ महिला पत्रकार शामिल हैं। चयनित सदस्यों में अदिति निगम, अमिति सेन, अंजू ग्रोवर, अनु शक्ति, अरुणा सिंह, भाषा सिंह, फोजिया यासीन, गीताश्री, हुमा सिद्दीकी, कविता बाजेली दत्त, मालिनी श्रीवास्तव, मृणाल बल्लारी, नीरजा वकील, निशा सिंह, प्रीति प्रकाश, सरस्वती चक्रवर्ती, शिवानी रावत, शोभना जैन, टी.के. राजलक्ष्मी, विभा जोशी और योगिता यादव के नाम प्रमुख हैं।आईडब्ल्यूपीसी देश की एक प्रमुख संस्था है, जो महिला पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनके पेशेवर विकास और मीडिया क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्यरत है। संस्था समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर पत्रकारों के कौशल विकास और नेटवर्किंग को बढ़ावा देती है।इस बार का निर्विरोध चुनाव संस्था के भीतर आपसी विश्वास, सहयोग और साझा उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुजाता राघवन और महासचिव सरोज धुलिया ने नई टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आगामी कार्यकाल में संस्था महिला पत्रकारों के हितों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हुए इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *