अफजलगढ़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा संगठन को मजबूत और गतिशील बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पार्टी नेतृत्व ने एक महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए स्थानीय स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सीट से सांसद चन्द्रशेखर आजाद तथा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक सुनील कुमार चित्तौड़ के निर्देशानुसार आसपा युवा मोर्चा मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष एडवोकेट सचिन चौधरी ने यह नियुक्ति की। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मान्यवर कांशीराम साहब की महान विचारधारा बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर सभासद मौ. शाहनवाज सिद्दीकी पुत्र हुसैन निवासी मोहल्ला मुमताज हुसैन कस्बा अफजलगढ़ को जिला प्रभारी युवा मोर्चा (प्रभार बढ़ापुर विधानसभा-19 पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभासद शाहनवाज सिद्दीकी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगे तथा संगठन की नीतियों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बहुजन समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेंगे। साथ ही उनसे अपेक्षा की गई है कि वे क्षेत्र में युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ेंगे, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वही सभासद शाहनवाज सिद्दीकी की नियुक्ति से अफजलगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। शुभकामनाओं का दौर जारी नव नियुक्त जिला प्रभारी को पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों द्वारा बधाई दी जा रही है। सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई है। इस अवसर पर आसपा बिजनौर जिलाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह के आलावा युवा मोर्चा बिजनौर आसपा जिलाध्यक्ष अभिषेक सूर्यवंशी सहित आसपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।