म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के म्योरपुर-कुंडाडीह इलाके में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग से बगीचों और खेतों में भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर सैकड़ों फलदार एवं इमारती पेड़-पौधे झुलस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार कुंडाडीह गांव निवासी ब्रह्मदेव तिवारी, श्यामदेव तिवारी, कुलदीप तिवारी और अनिल अग्रहरी के बगीचों तथा आसपास के खेतों में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।read more:https://pahaltoday.com/sacrifice-gives-the-message-of-patience-and-love-maulana-arafat-hussain-ashrafi/ आग की चपेट में आकर आम, महुआ, सागौन, बांस और यूकेलिप्टस समेत सैकड़ों पेड़-पौधे झुलस गए। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी तथा पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन हवा तेज होने से आग तेजी से फैलती रही। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि दमकल टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास की रिहायशी बस्तियों तक फैल सकती थी। घटना में बगीचों और खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्रभावित किसानों और बगीचा मालिकों ने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।