चुनाव से पहले हुमायूं को बड़ा झटका, ओवैसी की पार्टी ने तोड़ा गठबंधन

 कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है।असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने उनकी पार्टी ‘आम जनता विकास पार्टी’ के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है। अब एआइएमआइएम राज्य में अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि हुमायूं कबीर के हालिया बयान से मुस्लिम समाज की ईमानदारी और आत्मसम्मान पर सवाल खड़े हुए हैं। ऐसे में एआइएमआइएम किसी भी विवादित बयान से खुद को जोड़ना नहीं चाहती, इसलिए गठबंधन खत्म करने का फैसला लिया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को इस्लामपुर में हुमायूं कबीर और ओवैसी की संयुक्त रैली होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह गठबंधन टूट गया। इसके पीछे एक वायरल वीडियो को कारण बताया जा रहा है। इस वीडियो में हुमायूं कबीर किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें कुछ विवादित बातें सामने आई हैं। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनाव से ठीक पहले गठबंधन टूटना हुमायूं कबीर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जबकि एआइएमआइएम ने साफ कर दिया है कि वह अब अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *