गाजीपुर। आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। बुधवार को जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर व्यापक पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का एहसास कराते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
नगर क्षेत्र में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान सदर एसडीएम रवीश गुप्ता तथा शहर कोतवाल महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाजारों में व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।read more:https://pahaltoday.com/asarams-life-sentence-upheld-high-court-said-surrender-immediately/पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। कई स्थानों पर वाहनों की चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने अथवा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि जनपद में लगातार गश्त, चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलने न पाए। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।