*फिरोजाबाद*। सिरसागंज कस्बे में इटावा रोड स्थित पीपी ज्वैलर्स की दुकान से दो सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने महज 20 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। थाना सिरसागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपित को लूटी गई 10 ग्राम सोने की चेन, तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपित अभिषेक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा नेक्सोन की तलाश में दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को दोपहर करीब 2:55 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट की सफेद टाटा नेक्सोन से पीपी ज्वैलर्स पहुंचे थे। ईशू कार में बैठकर निगरानी कर रहा था, जबकि उसका साथी अभिषेक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा। उसने सोने की चेन खरीदने की बात कही और दो चेन अपने गले में पहन लीं। शक होने पर दुकानदार ने चेन वापस मांगी तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर खड़ी कार में बैठकर भाग गया।दुकानदार ने बाइक से आरोपितों का नगला राधे मोड़ स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा तक पीछा किया। इस दौरान आरोपितों ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया और इटावा की ओर फरार हो गए। मामले में थाना सिरसागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के बाद पुलिस ने तीन टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। दुकान और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज से वारदात में प्रयुक्त वाहन की पहचान की गई। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 14 अगस्त को कठफोरी में दिहुली रोड स्थित नवनिर्मित कोल्ड स्टोर के पास ईशू पुत्र वीरभान निवासी वेदपुरा, थाना वेदपुरा, इटावा को गिरफ्तार कर लिया।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
गूगल पर खोजी थी ज्वैलर्स की दुकान
पूछताछ में आरोपित ईशू ने बताया कि उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। दोनों ने आगरा घूमने के बहाने चार हजार रुपये प्रतिदिन के किराये पर कार ली थी। इसके बाद गूगल पर सिरसागंज की ज्वैलर्स दुकानों को खोजा और कस्बे के बाहर इटावा रोड स्थित पीपी ज्वैलर्स को निशाना बनाया। पकड़े जाने के डर से कार की नंबर प्लेट निकालकर पीछे की सीट पर रख दी थी।
आरोपित के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों इटावा की ओर भागे। कठफोरी टोल प्लाजा पर पकड़े जाने के डर से उन्होंने बैरियर तोड़कर कार निकाल ली। आगे जाकर दोनों ने लूटी गई दो चेन में से एक-एक चेन आपस में बांट ली।
पुलिस ने गिरफ्तार ईशू के कब्जे से एक 10 ग्राम की सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। उसके विरुद्ध लूट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
फरार आरोपित की तलाश में दबिश
फरार आरोपित अभिषेक पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी नरहोली, थाना सैफई, इटावा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक प्रेमशंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह तरार, अरुण अधाना, अंकुर कुमार समेत थाना सिरसागंज, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी।