गाजीपुर, – उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र भवनों और बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस एवं स्मार्टफोन वितरण की योजना की भी शुरुआत की गई।
इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण गाजीपुर के विकास भवन सभागार में किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी—बाराचवर, मरदह और सदर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान जनपद गाजीपुर के विकासखंड सादात में बाल विकास परियोजना कार्यालय सादात का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही जमानिया विकासखंड के कर्महरी पाह, सैयद राजा बासुहारी, अधियारा, रामपुर फुफांव तथा देवकली विकासखंड के शिवसिंह चक और चिलार में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस उपलब्ध कराए जाएंगे। आपूर्ति के बाद एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर इन उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पोषण ट्रैकिंग और बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी और अधिक सशक्त हो सके।इसके अतिरिक्त जमानिया, देवकली और सादात विकासखंडों में भी स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर नव-निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बाल विकास पुष्टाहार कार्यालयों का उद्घाटन किया गया। इस पहल से क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।