म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर के जामपानी ग्राम पंचायत अंतर्गत सरूतान टोला में बना सामुदायिक शौचालय इन दिनों बदहाल व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहा है। परिसर में नियमित सफाई का अभाव है, जबकि दिव्यांग शौचालय समेत अन्य शौचालयों के फ्लश और पाइप टूटे पड़े हैं। इसके चलते ग्रामीणों को सरकारी सुविधा का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सबसे हैरानी की बात यह है कि सामुदायिक शौचालय परिसर में चार पानी की टंकियां स्थापित हैं, लेकिन इसके बावजूद पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार किसी तरह ड्रम में पानी भरकर शौचालय की व्यवस्था संचालित की जा रही है। ऐसे में लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पानी की टंकियां उपयोग के बजाय महज शोपीस बनी नजर आ रही हैं।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक शौचालय की देखरेख के लिए केयरटेकर की नियुक्ति भी की गई है। इसके बावजूद शौचालय के फ्लश और पाइप टूटे पड़े हैं तथा सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि नियमित देखरेख की जिम्मेदारी तय है तो व्यवस्था इस हालत तक कैसे पहुंची। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शौचालय की नियमित सफाई कराने, टूटे फ्लश और पाइप की मरम्मत कराने तथा पानी की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं के तहत सुविधाएं तो तैयार कर दी जाती हैं, लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में कुछ ही समय बाद व्यवस्थाएं बदहाल हो जाती हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने पहले सामुदायिक शौचालय में पेंटिंग सहित अन्य कार्य कराए गए थे। यदि वर्तमान में ऐसी स्थिति है तो वह मामले को दिखवाएंगे।