पूर्व विधायक ने चेयरमैन प्रतिनिधि की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की,षड्यंत्र के तहत हमले की आशंका जताई

राजीव जायसवाल-बड़हलगंज: चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने बड़हलगंज चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि एक षड्यंत्र के तहत उन पर हमला कराया जा सकता है।पूर्व विधायक ने बताया कि हाल ही में एक शिलापट्ट तोड़े जाने के मामले को लेकर उनकी और चेयरमैन प्रतिनिधि की मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत को कथित तौर पर षड्यंत्र के तहत रिकॉर्ड किया गया, उसे तोड़-मरोड़ कर वायरल किया गया और शासन के दबाव में थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया।श्री तिवारी ने आशंका व्यक्त की कि विधायक राजेश त्रिपाठी षड्यंत्र के तहत चेयरमैन प्रतिनिधि पर हमला करवा सकते हैं, या फिर चेयरमैन प्रतिनिधि स्वयं पर हमला करवा सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन को उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में विधायक राजेश त्रिपाठी और चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर दोनों षड्यंत्र के तहत कार्य कर रहे हैं।पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक और चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा पूर्व में कराए गए कार्यों को छिपाने या ढकने का प्रयास किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर, बड़हलगंज कस्बे में बस स्टेशन और सुभाष चंद्र बोस पार्क में लगे पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के शिलापट्ट को हटा दिया गया।इसी क्रम में, चेयरमैन प्रतिनिधि के बाबा विश्वनाथ उमर के नाम पर बनी सड़क का लोकार्पण पूर्व मंत्री द्वारा किया गया था। चेयरमैन प्रतिनिधि ने उस मार्ग का सौंदर्यीकरण कर उनके शिलापट्ट को ढकने का प्रयास किया। हालांकि, जनाक्रोश को देखते हुए नए शिलापट्ट को अब हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *