मोबाइल चोरी होने पर तुरंत करें शिकायत: एसपी

बाराबंकी। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 78 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने यह सफलता हासिल की। टीमों ने सीईआईआर पोर्टल का उपयोग कर तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग के माध्यम से इन फोनों का पता लगाया। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल और महत्वपूर्ण डेटा वापस मिलने पर लोगों ने बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं या सीधे सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल मोबाइल को ट्रैक, ब्लॉक और बरामद करने में सहायक है। नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई। पिछले पांच महीनों में, मोबाइल रिकवरी टीम ने 550 से अधिक मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.08 करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *