फैक्ट्री का बॉयलर फटा, एक मजदूर की मौत; सात घायल

तिरुवल्लूर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में मंगलवार को एक निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट और आग लग गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य कर्मचारी घायल हो गए। घटना गुमिडिपुंडी सिपकॉट औद्योगिक परिसर के पार्थ पालयम गांव के निकट स्थित फैक्ट्री में हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।तिरुवल्लूर पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिहार निवासी रवि रंजन के रूप में हुई है। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में तुरंत आग फैल गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में बिहार और मध्य प्रदेश के निवासी भूषण कुमार, ओम कुमार, रंजीत कुमार और सिंबर सिंह को गुमिडिपुंडी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/वहीं बिहार के राजा बाबू, रणवीर कुमार और फ्रेंड्स कुमार को बेहतर उपचार के लिए चेंगलपट्टू के एक निजी अस्पताल भेजा गया।  गंभीर रूप से घायल कर्मचारी प्रिंस कुमार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के लिए गुमिडिपुंडी और चिप्पाडाई फायर स्टेशनों से पहुंचीं दमकल एवं बचाव दल की दो टीमों ने लगभग दो घंटे तक अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा गया। पुलिस ने बताया कि गुमिडिपुंडी के डीएसपी ससीथरन की निगरानी में दमकल कर्मियों के साथ संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट के बाद फैले मलबे के नीचे कुछ और कर्मचारी फंसे हो सकते हैं। इसी कारण प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल बॉयलर फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों और हादसे की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन और नियमित तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *