पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात जनपद में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा विकास खंड मलासा की ग्राम पंचायत मावर में स्थित पानी की ऊँची टंकी (ओवरहेड टैंक) का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टंकी की संरचनात्मक स्थिति, जल आपूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन कनेक्टिविटी, मोटर पंप की कार्यशीलता, स्वच्छता व्यवस्था एवं जल गुणवत्ता से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर उपस्थित जल निगम/ग्राम पंचायत के कार्मिकों से जलापूर्ति की नियमितता, समय-सारणी तथा उपभोक्ताओं को मिल रहे पानी के दबाव (प्रेशर) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए तथा मोटर, वाल्व, पाइपलाइन आदि का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी की टंकी को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। वहीं अब तक 449 हाउस होल्ड के सापेक्ष मात्र 306 कनेक्शन किये गए है जिस पर उन्होंने अधिशाषी अधिकारी जल निगम को निर्देश दिए कि सभी घरों में जल्द से जल्द कनेक्शन अवश्य करा दिए जाए साथ ही रोड के रिकंस्ट्रक्शन कार्य को भी गुणवत्ता का विशेष ध्यान देते हुए शीघ्र पूर्ण कराया जाए। वहीं जनरेटर प्वाइंट न होने पर शाम को 4 बजे से 6 बजे तक की जाने वाली पानी सप्लाई दोपहर में 1 बजे से 3 बजे तक की जा रही है। जिस पर उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द जनरेटर प्वाइंट स्थगित करते हुए पानी की सप्लाई ससमय सुचारू रूप से की जाए। निरीक्षण के दौरान टंकी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर को स्वच्छ रखा जाए, अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगे तथा जल स्रोत के आसपास गंदगी न होने दी जाए। साथ ही, पानी की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराए जाने एवं क्लोरीनेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं परिसर के चारो तरफ वृक्षारोपण कराये जाने के भी निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की मांग बढ़ जाती है, अतः संबंधित विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और पानी से सम्बंधित किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण करें एवं रोस्टर के अनुसार जलापूर्ति की जाए । उन्होंने ग्रामवासियों से संवाद कर जल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी ली तथा आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार श्री अशोक कुमार,अधिशाषी अधिकारी जल निगम एवं संबंधित विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं स्थानीय कर्मचारी उपस्थित रहै