ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की सख्ती: लापरवाही पर गिरी गाज, अवर अभियंता निलंबित

गाजीपुर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को बलिया जाते समय उन्होंने विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर के अंतर्गत जंगीपुर क्षेत्र में महरौर-रसड़ा मार्ग का निरीक्षण किया, जहां 11 केवी विद्युत लाइन निर्धारित मानक से काफी नीचे लटकी हुई पाई गई।
निरीक्षण के दौरान सामने आई इस गंभीर अनियमितता को मंत्री ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश जारी किए। उनके निर्देशों के अनुपालन में विद्युत उपकेंद्र महरौर के अवर अभियंता धर्मेंद्र पाल को विभागीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने के प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर देर रात निलंबित कर दिया गया।इसके साथ ही विद्युत वितरण खंड जंगीपुर, गाजीपुर के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार तिवारी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई करते हुए आरोप पत्र निर्गत किया गया है, जिससे स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दो टूक कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, विशेषकर सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनदेखी, किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्युत लाइनों का नियमित निरीक्षण कर उन्हें मानकों के अनुरूप रखा जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रदेश सरकार नागरिकों को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस दिशा में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *