सोनभद्र। घोरावल विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड करमा अंतर्गत ग्राम पंचायत भरकवाह की कोल बस्ती में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण न होने के बावजूद ग्रामीणों को बिजली बिल जारी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधायक अनिल मौर्या ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।read more:https://pahaltoday.com/khalsa-srcc-and-ramjas-college-win-in-pspb-baba-deep-singh-basketball/
पत्र में उन्होंने कहा कि भरकवाह की कोल बस्ती में अब तक विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक लाइन, पोल एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों के घरों में बिजली मीटर लगाए गए हैं और उनके नाम से नियमित रूप से बिजली बिल जारी किया जा रहा है। इससे गरीब एवं आदिवासी परिवारों को अनावश्यक आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, समाजसेवी विपुल सिंह ने विद्युत विभाग से मांग की है कि कोल बस्ती के उपभोक्ताओं के लंबित बिजली बिलों का निस्तारण किया जाए तथा बस्ती में शीघ्र विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर ग्रामीणों को बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उधर मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि जब तक बस्ती में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक बिजली बिल भेजना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से आज भी वंचित रहने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विभाग को प्राथमिकता के आधार पर विद्युतीकरण कार्य पूरा कर राहत प्रदान करनी चाहिए।