बाराबंकी। स्वयंसेवी संस्था बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम छन्दवल में निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेण्डली स्कूल के छात्रों व अभिभावकों का केजीएमयू हीलिंक अस्पताल के विशेषज्ञ बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर गोविंद पांडेय एवं डॉ गौरव सिंह द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस मौके पर स्कूल में पढ़ रहे 185 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क दी गई। डॉ गौरव सिंह ने बच्चों को सन्तुलित भोजन एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर जागरूक करते हुए कहा कि सुबह ताजा एवं संतुलित भोजन करके स्कूल आएं और अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें। समय समय पर कपड़ो की धुलाई करें, मच्छरों से बचने के लिए हमेशा मच्छरदानी में ही सोएं। स्वास्थ्य परीक्षण में कई अभिभावकों ने भी अपनी स्वास्थ्य समस्याओं का परामर्श लिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य विनोद कुमार, शिक्षिका वंदना वर्मा, शारदा रावत, प्रिया मौर्य, सरिता यादव इला देवी, अर्चना, पलक कनौजिया व स्टाफ से जियालाल, सरोज, सरस्वती सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे।