धनबाद: एनएच-19 पर चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला

धनबाद ।  झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में नेशनल हाईवे-19  पर एक चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक भीषण आग लग गई।देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। हालांकि, एक बड़ा हादसा होने से उस वक्त टल गया जब गाड़ी के भीतर मौजूद सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। यह पूरी घटना पुराने निरसा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर धनबाद जाने वाली मुख्य सड़क पर हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो सामान्य रफ्तार से सड़क पर दौड़ रही थी, तभी अचानक उसके इंजन से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। वाहन में उस समय करीब 4 से 5 लोग सवार थे। जैसे ही चालक को खतरे का अहसास हुआ, उसने तुरंत गाड़ी रोकी और सभी यात्रियों को बाहर निकाला। सभी के उतरते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और लोग इस घटना का वीडियो बनाने लगे।read more:https://pahaltoday.com/gujarat-prepares-for-centenary-commonwealth-games-donald-rukare-leads-team-to-visit/
हादसे के फौरन बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया।  लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही आग बुझाने की कवायद शुरू कर दी। पास में ही खड़ी एनएच मिक्सर मशीन की पानी की टंकी से बाल्टियों में पानी लाकर लोगों ने जलती कार पर डाला और आग पर काबू पाने की कोशिश की। लोगों की इस तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह स्वाहा हो चुका था। पीड़ित वाहन मालिक विराज मंडल ने बताया कि उन्होंने यह स्कॉर्पियो महज आठ महीने पहले ही खरीदी थी और कुछ दिनों पहले ही इसकी बकायदा सर्विसिंग भी कराई गई थी। ऐसे में नई नवेली गाड़ी में अचानक आग कैसे लगी, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे और सड़क पर लोगों के जमा होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहन को सड़क किनारे करवाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस आग लगने के तकनीकी और शॉर्ट सर्किट जैसे कारणों की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *