गाजीपुर। बिरनो पुलिस ने पिकअप वाहन सहित चार गोवंश, तमंचा और कारतूस किए बरामद, पुलिस पर फायरिंग का आरोप गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरनो थाना पुलिस को रविवार देर रात बड़ी सफलता मिली। पुलिस मुठभेड़ के दौरान कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला एक शातिर गौ तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा चार जीवित गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ ग्राम जरगो से पलिया की ओर गश्त पर थे। इसी दौरान पलिया स्थित हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन में सवार एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित के दाहिने पैर में गोली लग गई।read more:https://pahaltoday.com/a-unique-initiative-by-the-teachers-of-pm-shri-samvilian-vidyalaya-to-show-family-like-affection-towards-the-students/घायल की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के नोनहरा गांव निवासी सेराज खान के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो भेजा गया। वहीं, मौके से करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के संतोष राजभर तथा बिरनो थाना क्षेत्र के गुलालसराय निवासी दिलमोहन राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार जीवित गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। इस संबंध में बिरनो थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5), आर्म्स एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायल सेराज खान के विरुद्ध गोवध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, एनडीपीएस तथा अन्य गंभीर मामलों सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार संतोष राजभर के खिलाफ भी गोवध, गैंगस्टर एवं अन्य मामलों में विभिन्न जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दिलमोहन राठौर पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बिरनो थाना पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।