श्रीराम-जानकी शोभा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयघोष से गूंजा जमानियां

गाजीपुर जमानियां । नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को परंपरागत श्रीराम-जानकी शोभा यात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। दशकों से चली आ रही इस परंपरा में इस वर्ष भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभाई। खासतौर पर महिलाओं की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
शोभा यात्रा विद्युत परिसर के पीछे से प्रारंभ होकर जुलूस के रूप में काली मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” और “जय-जय हनुमान” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।इस दौरान बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक रूप से तलवार व अन्य शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। जुलूस कस्बा बाजार स्थित दुर्गा चौक मंदिर पहुंचा, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जुलूस शाह के कुआं होते हुए एनएच-24 मार्ग से पुनः काली मंदिर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
मेले के रूप में परिवर्तित इस आयोजन में बच्चों के लिए झूले और खान-पान की विशेष व्यवस्था रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता, गोविंद चौबे सहित अन्य गणमान्य लोगों ने श्रीराम-जानकी की आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर पुलिस बल के साथ पूरे जुलूस मार्ग पर मुस्तैद रहे। उन्होंने कस्बा बाजार और एनएच-24 का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।नवरात्रि के इस पावन अवसर पर आयोजित यह शोभा यात्रा शक्ति साधना और आराधना का प्रतीक बनकर लोगों के जीवन में साहस, संयम और सामर्थ्य का संदेश दे गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *