जमुनहा, श्रावस्ती। जमुनहा क्षेत्र के सांई गांव में आयोजित युवा स्पोर्ट क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को खेला गया। जिसमे चिंता चौराहा क्लब ने युवा स्पोर्ट्स क्लब को रोमांचक मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट के आयोजक युवा नेता राहुल जायसवाल ने विजेता टीम को पुरुस्कार राशि और ट्राफी देकर सम्मानित किया।टूर्नामेंट का उद्घाटन 16 मार्च को किया गया था। जिसमें कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला युवा स्पोर्ट क्लब और चिंता चौराहा की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए युवा स्पोर्ट क्लब ने निर्धारित 16 ओवर में 132 रन बनाए और विरोधी टीम को 133 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब मे चिंता चौराहा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 9.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के कप्तान शिवकरण को 5100 रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान को 2100 रुपये व छोटी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विजेता कप्तान शिवकरण ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अच्छा माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन के लिए राहुल जायसवाल और युवा स्पोर्ट क्लब की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। समापन समारोह में युवा स्पोर्ट क्लब के जिलाध्यक्ष राहुल जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष बबलू यादव एवं जिला प्रभारी विनय गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।