सैदपुर के मौधा में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, 11.5 करोड़ की पहली किस्त मंजूर

गाजीपुर। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में जिले को बड़ी सौगात मिली है। सैदपुर तहसील के ग्राम मौधा में कक्षा एक से 12 तक का मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय स्थापित किया जाएगा। विद्यालय निर्माण के लिए शासन ने कुल अनुमानित लागत की 50 प्रतिशत धनराशि, करीब 11.5 करोड़ रुपये, प्रथम चरण में स्वीकृत कर दी है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर तैयार कर शासन को भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर यह वित्तीय स्वीकृति मिली है। बजट स्वीकृत होने के बाद अब कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।एक ही परिसर में कक्षा 1 से 12 तक पढ़ाईग्राम मौधा में बनने वाला यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कक्षा एक से 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। विद्यालय में आधुनिक स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल सहित बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय की व्यवस्था प्रस्तावित है।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
विद्यालय के निर्माण से सैदपुर तहसील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को एक ही परिसर में कक्षा एक से 12 तक निःशुल्क और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर जाने की जरूरत भी कम होगी।वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के आकार लेने से क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *