मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

बिजनौर । उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जनपद के विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।बैठक में स्वामी ओमवेश, मनोज पारस, ओम कुमार तथा तस्लीम अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में भाजपा से धीर सिंह, बसपा से मुहम्मद सिद्दीक़, समाजवादी पार्टी से अख़लाक़ उर्फ पप्पू तथा कांग्रेस से अनिल त्यागी मौजूद रहे।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मतदाताओं की सुविधा के लिए उनके निकटतम मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था करने और फार्म-6 के शीघ्र निस्तारण की मांग रखी। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक प्रमाण प्रस्तुत कर अपनी मैपिंग करा सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन की वेबसाइट पर फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित अद्यतन सूची भी उपलब्ध है, जिसे कभी भी देखा जा सकता है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर से संबंधित राज्य स्तर पर लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि जनपद बिजनौर में 92 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *