पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों व कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण में परिसर में गंदगी पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई जो कि विगत एक सप्ताह से पूर्ण नहीं किया गया है जिस पर उन्होंने संबंधित अधीक्षक को निर्देश दिए कि उसे तत्काल पूर्ण किया जाए साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।कैंटीन व्यवस्था सुधारने के निर्देश निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की कैंटीन में रेट लिस्ट प्रदर्शित न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल रेट लिस्ट प्रमुख स्थान पर लगाने के निर्देश दिए। वहीं बायो केमेस्ट्री मशीन विगत एक माह से खराब पड़ी मिली जिसे तत्काल ठीक करवाये जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों व तीमारदारों से निर्धारित दरों से अधिक शुल्क न लिया जाए तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रेट सूची का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमजन के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों का अनुपालन शीघ्र सुनिश्चित कर आख्या प्रस्तुत करें। निरीक्षण के समय जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।