जमीन पर उतरी जनगणना की तैयारी: 78 फील्ड ट्रेनरों को मिला व्यवहारिक प्रशिक्षण

गाजीपुर — जनगणना 2027 को सफल और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ग्राम फतेउल्लाहपुर में जिलास्तरीय फील्ड ट्रेनरों का स्थलीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 78 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिभागियों को 16 टीमों में विभाजित कर जनगणना के विभिन्न प्रारूपों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। इस दौरान ऑफलाइन फॉर्म भरने के साथ-साथ मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन डाटा फीडिंग की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया, ताकि तकनीकी खामियों की गुंजाइश कम से कम रहे।मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं, सर्वेक्षण की विधि और डेटा संकलन में शुद्धता बनाए रखने के जरूरी मानकों पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराकर प्रगणकों को हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए तैयार किया गया।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार ने प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जनगणना देश की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है।
इस अवसर पर जिला जनगणना प्रभारी (तकनीकी) शिवम सिंह, नायब तहसीलदार विजय कांत पांडेय, उप जिलाधिकारी रण विजय सिंह, जनगणना संयुक्त निदेशक लखनऊ एस.एस. शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के स्थलीय प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल प्रगणकों को व्यावहारिक दक्षता प्रदान करते हैं, बल्कि आमजन में भी जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *